NH-9 स्थित कॉलेज के अकाउंटेंट ने छात्रों की फीस के 8.79 लाख हड़पे, FIR दर्ज

NH-9 स्थित कॉलेज के अकाउंटेंट ने छात्रों की फीस के 8.79 लाख हड़पे, FIR दर्ज
पत्नी के खाते में जमा कराई रकम, रिकॉर्ड में हेरफेर कर छिपाया घोटाला; 17 हजार महीने लौटाने का दिया था लिखित भरोसा
पिलखुवा/हापुड़। नेशनल हाईवे-9 स्थित संस्कार एजुकेशन ग्रुप कॉलेज में छात्रों की फीस में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। कॉलेज के अकाउंटेंट पर 8.79 लाख रुपये गबन करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रों के बताने पर हुआ खुलासा
कॉलेज प्रशासन ने बकाया फीस जमा करने के लिए कुछ छात्रों से संपर्क किया। छात्रों ने बताया कि वे फीस पहले ही जमा कर चुके हैं। इसके बाद प्रशासन ने फीस रिकॉर्ड, बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेजों की जांच कराई तो गबन का खुलासा हुआ।
अपने और पत्नी के खाते में जमा कराई फीस
संस्थान के सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि न्यू पन्नापुरी निवासी आरोपी अकाउंटेंट हिमांशु गोयल ने नौकरी के दौरान छात्रों से ली गई फीस अपने और अपनी पत्नी के बैंक खातों में जमा कराई। आरोप है कि उसने कॉलेज के लेखा रिकॉर्ड में हेरफेर कर मामले को लंबे समय तक छिपाए रखा।
लिखित में माना था गबन, वेतन से हो रही थी कटौती
प्रबंधन के मुताबिक पूछताछ में हिमांशु ने 8.79 लाख रुपये के गबन की बात कबूल की थी। 18 अगस्त 2025 को उसने स्टांप पेपर पर लिखित अंडरटेकिंग दी कि हर महीने अपने वेतन से 17 हजार रुपये कटवाकर रकम लौटाएगा। कुछ समय तक वेतन से कटौती हुई भी, लेकिन बाद में विस्तृत जांच में और बड़ी वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिले।
थाना प्रभारी निरीक्षक पारस मलिक ने बताया कि संस्थान की तहरीर पर हिमांशु गोयल के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











