स्मार्ट प्रीपेड मीटरों के खिलाफ भाकियू ने किया धरना-प्रदर्शन

स्मार्ट प्रीपेड मीटरों के खिलाफ भाकियू ने किया धरना-प्रदर्शन
हापुड़
बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटरों के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन संघर्ष अराजनैतिक ने बिजली दफ्तर पर धरना प्रदर्शन किया।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश पदम सिंह ने आरोप लगाया कि बिजलीकर्मियों द्वारा उपभोक्ताओं की सहमति के बिना जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाकियू संघर्ष अराजनैतिक का कहना है कि स्मार्ट मीटरों की रीडिंग अत्यधिक तेज है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को पुराने मीटरों की तुलना में दोगुना और तिगुना बिजली बिल मिल रहा है। इससे आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर तकनीकी खराबी के चलते गलत रीडिंग दर्ज हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
भाकियू संघर्ष अराजनैतिक ने चेतावनी दी है कि यदि जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया नहीं रोकी गई तो संगठन प्रदेश ही नहीं, अन्य राज्यों में भी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि किसी भी हालत में जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे।











