10 जून से 20 जून तक बंद रहेगा मेरठ रोड़ फ्लाईओवर, लोगों को होगी भारी परेशानी,होगा रूट डायवर्जन

10 जून से 20 जून तक बंद रहेगा मेरठ रोड़ फ्लाईओवर, लोगों को होगी भारी परेशानी,होगा रूट डायवर्जन
हापुड़। नगर के मेरठ रोड़ पर मरम्मत कार्य के चलते पीडब्ल्यूडी ने 10 जून से 20 जून तक मेरठ रोड़ फ्लाईओवर बंद रखने का निर्णय लिया है। जिससे रोजाना हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।विभाग की ओर से यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित कर दिए गए हैं।
मेरठ-बुलंदशहर मार्ग पर स्थित मेरठ रोड रेलवे ओवरब्रिज शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग माना जाता है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस पुल से होकर गुजरते हैं। पुल बंद होने से लोगों को लंबा चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ेगा, जिससे समय के साथ ईंधन की अतिरिक्त खपत भी होगी। खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और स्कूली वाहनों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत लंबे समय से प्रस्तावित थी। पिछले वर्ष ही इसका एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा गया था। अब करीब 35 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बाद कार्य शुरू कराया जा रहा है। विभाग का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद पुल पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।
अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस को डायवर्जन योजना की सूचना दे दी गई है। मेरठ से हापुड़ आने-जाने वाले वाहन मवाना-किठौर मार्ग होते हुए एनएच-09 ततारपुर चौराहा से गुजरेंगे। वहीं मोदीनगर से हापुड़ आने वाले यात्री भोजपुर-पिलखुवा मार्ग का प्रयोग करेंगे। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी अवश्य कर लें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।
इन कॉलोनियों के लोगों को परेशानी अधिक
मेरठ रोड के गांव असौड़ा, कृष्णानगर, पंचशील कॉलोनी, आवास विकास कॉलोनी, जसरुपनगर, आदर्शनगर कॉलोनी, चंद्रलोक कॉलोनी, मोती कॉलोनी, मधुबन कॉलोनी आदि मोहल्लों के निवासी प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। ऐसे में आगामी दस दिनों तक इन हजारों परिवारों की बहुतअधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी।
इन वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग भी रहेगा सही
मेरठ रोड की कॉलोनियों के लोग दोपहिया वाहनों से आवास विकास स्थित रेलवे के पुल से होकर शहर में प्रवेश कर सकते हैं। मेरठ रोड से जेडी पब्लिक स्कूल के सामने से ब्रेनवेव्स स्कूल और जसरूपनगर होते हुए मोदीनगर रोड पहुंच सकते हैं। यहां से पुल के नीचे से होकर भी शहर तक पहुंचा जा सकता है। दिल्ली रोड से रामलीला मैदान होते हुए मोदीनगर रोड पहुंचा जा सकता है। इससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।











