हापुड़ से नोएडा के लिए चलेगी दो नई बसें, दैनिक यात्रियों को मिलेंगी राहत

हापुड़।
हापुड़ से नोएडा के बीच रोडवेज विभाग दो नई बसों का संचालन शुरू करेगा , जिससे दैनिक यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

रोडवेज डिपो से विभिन्न मार्गों पर 97 बसों का संचालन होता है। जिसमें सबसे कम बसें नोएडा मार्ग पर संचलित हैं। हापुड़ से नोएडा के लिए रोजाना हजारों की संख्या में यात्री सफर करते हैं, लेकिन इस मार्ग पर मात्र छह बसों का संचालन होने से यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ता है या फिर बसों में धक्कामुक्की करते हुए सफर करना पड़ता है।

यात्रियों द्वारा अनेक बार इस मार्ग पर बसों का संचालन बढ़ाने की मांग की जा चुकी है। जिसके बाद डिपो के अधिकारियों ने इस मार्ग पर अनुबंधित बसों का संचालन कराने का प्रस्ताव रखा था। अब जल्द ही दो बसों का अनुबंधन किया जा रहा है। अगले माह के दूसरे सप्ताह तक बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुमार नायक ने बताया कि दो बसों की अनुबंधन प्रक्रिया चल रही है। 15 मई तक बसें डिपो को सौंप दी जाएंगी, जिसके बाद दोनों बसों का संचालन नोएडा मार्ग पर कराया जाएगा। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

Exit mobile version