युवक से लूट का खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार, नगदी व बाईक बरामद

युवक से लूट का खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार, नगदी व बाईक बरामद
हापुड़ (यर्थाथ अग्रवाल मुन्ना)।
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में एक युवक पर्स लूट मामले में पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट की नगदी व बाईक बरामद कर ली।
जानकारी के अनुसार देहात क्षेत्र के गोलचक्कर पर उतरते समय एक युवक से बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक उसके हाथ से पर्स लूट लिया था। पर्स में करीब साढ़े चार हजार रुपये और उसका आधार कार्ड रखा हुआ था।
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने लूट का खुलासा करते हुए मेरठ के लोहिया नगर निवासी आमिर व इमरान को गिरफ्तार कर लूट के तीन हजार रुपये नकद, आधार कार्ड व घटना में प्रयुक्त चोरी की स्प्लेंडर बाईक व चाकू बरामद किए।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के विरुद्ध जनपद हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर व मेरठ में लूट, डकैती, चोरी आदि के दो दर्जन केस दर्ज हैं।











