भारत डेयरी पर छापा, मिलावटी 150 किलो क्रीम नष्ट , देसी घी के लिए बन रही थी नकली क्रीम; क्रीम, दही व रिफाइंड के नमूने लैब भेजे

भारत डेयरी पर छापा, मिलावटी 150 किलो क्रीम नष्ट , देसी घी के लिए बन रही थी नकली क्रीम; क्रीम, दही व रिफाइंड के नमूने लैब भेजे
हापुड़। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को गांव बनखंडा स्थित भारत डेयरी पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने मौके पर देसी घी बनाने के लिए मिलावट कर तैयार की जा रही करीब 150 किलो क्रीम को नष्ट करा दिया। साथ ही क्रीम के दो, दही का एक और रिफाइंड का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित कर लैब भेजा है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज राय ने बताया कि किसी व्यक्ति ने IGRS पोर्टल पर बनखंडा में नकली क्रीम बनाने की शिकायत डीएम से की थी। डीएम के निर्देश पर उनकी टीम ने भारत डेयरी पर छापा मारा। जांच में पाया गया कि यहां देसी घी बनाने के लिए मिलावटी क्रीम तैयार की जा रही थी जो खाने योग्य नहीं थी।
पंकज राय ने बताया कि मौके से 150 किलो मिलावटी क्रीम को तत्काल नष्ट कराया गया। क्रीम के दो नमूने, एक दही और एक रिफाइंड का नमूना जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावट करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।











