कान्हा श्याम रेस्तरां में लगी आग, फायरब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

हापुड़। कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र स्थित कान्हा श्याम मंडप एवं रेस्टोरेंट में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग अज्ञात कारणों से लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगते ही मंडप में मौजूद लोगों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
भीषण आग के चलते मंडप एवं रेस्टोरेंट का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया। आग में फर्नीचर, सजावटी सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक अनुमान शॉर्ट सर्किट की संभावना की ओर इशारा कर रहे हैं, हालांकि अधिकारियों द्वारा जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।











