बिस्मिल्लाह ढाबे पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, स्विफ्ट सवार हमलावर फरार

बिस्मिल्लाह ढाबे पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, स्विफ्ट सवार हमलावर फरार
सरूरपुर ढाबे पर रुके युवक पर लाठी-डंडों से हमला, मेरठ में इलाज के दौरान तोड़ा दम; पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के सरूरपुर स्थित बिस्मिल्लाह ढाबे पर सोमवार को स्विफ्ट कार सवार हमलावरों ने एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर हालत में युवक को मेरठ के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक ढाबे पर किसी काम से रुका था। इसी दौरान स्विफ्ट कार से आए कुछ लोगों ने उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद सभी हमलावर कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
ढाबा कर्मियों ने घायल युवक मोहसिन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ के अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हमलावरों की पहचान और तलाश में जुट गई है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।











