News
जिलें के गांवों में तेंदुए का खौफ, गोवंश पर हमला कर किया घायल ,हुई मौत , पिंजरा लगाया

जिलें के गांवों में तेंदुए का खौफ, गोवंश पर हमला कर किया घायल ,हुई मौत , पिंजरा लगाया
हापुड़ :
थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में तेंदुए के आतंक से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। खुड़लिया और माधापुर के बाद अब मुरादपुर गांव में भी तेंदुए के दिखने का दावा किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर के बाद तीनों गांवों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में खुड़लिया में तेंदुए ने एक आवारा गोवंश पर हमला कर दिया। लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। घायल गोवंश को गौशाला ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। इसी दौरान एक किसान का भी खेत में तेंदुए से आमना-सामना हुआ। किसान ने सूझबूझ से जान बचाई। वायरल तस्वीर के बाद मुरादपुर समेत आसपास के गांवों में भय बढ़ गया है। किसानों ने सुबह-शाम अकेले खेतों पर जाना बंद कर दिया है। बच्चों को भी घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
माधापुर निवासी नरेंद्र त्यागी और खुड़लिया के ग्राम प्रधान देवेंद्र ढींगरा ने बताया कि कई दिनों से जंगली जानवर के पदचिह्न और आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसकी सूचना वन विभाग को दी जा चुकी है।
वन विभाग हरकत में आ गया है। खुड़लिया के पास बंद ईंट-भट्टे के पास तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है। रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है।
वन विभाग के दरोगा सचिन कुमार ने बताया कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। पिंजरा लगा दिया गया है। ग्रामीण रात में अकेले खेतों में न जाएं और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के प्रयास जारी हैं।











