एक माह की बच्ची की टीका लगने से मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, स्वास्थ्य विभाग ने दिए जांच के आदेश

हापुड़।
पिलखुवा क्षेत्र के शाहपुर फगोता गांव में बीसीजी टीका लगने के बाद एक माह के मासूम की मौत का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने एएनएम पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि उसी वॉयल से पांच अन्य बच्चों को भी टीके लगे हैं जो स्वस्थ हैं।
पिलखुवा के शाहपुर फगोता गांव निवासी गौरव ऊर्जा निगम में बापूधाम गाजियाबाद में लाइनमैन के पद पर तैनात हैं। शनिवार को उनके एक माह के बेटे भुवनेश को बीसीजी का इंजेक्शन लगाया गया था। आरोप है कि एएनएम ने इंजेक्शन लगाने में लापरवाही बरती। इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद ही बच्चे की हालत बिगड़ गई।
परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन गलत तरीके से लगाया गया था, जिससे बच्चे के शरीर पर गहरे निशान पड़ गए थे।
घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और डॉक्टर मौके पर पहुंचे। मामले को लेकर गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। परिजन एएनएम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.योगेश गुप्ता ने बताया किकोटशाहपुर फगोता में जिस वॉयल से बच्चे का टीकाकरण हुआ, उसी से पांच अन्य को भी टीके लगे हैं। सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। बच्चे को टीका शनिवार की सुबह करीब 11 बजे लगा था।











