कड़कड़ाती ठंड और कोहरे ने लोगों का जीवन किया अस्त व्यस्त, एक डिग्री और गिरा तापमान

हापुड़। कड़कड़ाती ठंड और कोहरे ने लोगों का जीवन अस्त व्यस्त किया हुआ है। वहीं, दूसरी ओर शीत लहर के चलने से लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। शुक्रवार को एक डिग्री तापमान और गिरने से परेशानी बढ़ गई। अधिक ठंड होने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।

जिले में शुक्रवार को दिन की शुरूआत जबरदस्त कोहरे के साथ हुई। कोहरे के चलते दृश्यता ना के बराबर रही, जिसके चलते वाहनों के पहिये थम गए। जबकि पूरे दिन शीतलहर चलने से ठिठुरन बरकरार रही, जिससे न्यूनतम तापमान में और एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई।

वहीं शुक्रवार को गलन के चलते सुबह लोग घरों से बाहर निकले तो ठंड के साथ कोहरे की मार ने हालात काफी बदतर कर दिए। कुछ देर बाद थोड़ी दूर का दिखाई देना तो शुरू हुआ लेकिन कोहरा वातावरण में छाया रहा। इसका असर यह रहा कि दोपहर करीब एक बजे तक सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए और लोग घरों में दुबके रहे। एक बजे के बाद जब धूप निकली तो लोगों को कुछ राहत मिल पाई।

पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ाई ठंड

मौसम वैज्ञानिक डॉ0 अशोक कुमार ने बताया कि इस प्रकार की ठंड पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रही है। आने वाले दिनों में इसी तरह ठंड बरकरार रहेगी। लोग ठंड से बचाव करें और सेहत का ध्यान रखें।

Exit mobile version