अपना घर कॉलोनी में ट्रांसफार्मर की लीड खराब, स्पार्किंग से आए दिन फुंक रहे उपकरण

अपना घर कॉलोनी में ट्रांसफार्मर की लीड खराब, स्पार्किंग से आए दिन फुंक रहे उपकरण
दिल्ली रोड फीडर-4 से जुड़े ट्रांसफार्मर में जुगाड़ से बंधी न्यूट्रल लीड, अर्थ नहीं मिलने से परेशान कॉलोनीवासी; पूर्व बैंक अध्यक्ष हरिराज सिंह ने XEN और SE को भेजी शिकायत
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित अपना घर कॉलोनी में बिजली व्यवस्था बदहाल है। फीडर नंबर-4 से जुड़े ट्रांसफार्मर की एक लीड काफी समय से खराब है, जिसमें लगातार स्पार्किंग हो रही है। न्यूट्रल लीड को भी तार से जुगाड़ करके बांधा गया है, जिससे प्रॉपर अर्थ नहीं मिल रही। इसके चलते कॉलोनीवासियों के घरों में आए दिन इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंक रहे हैं।
अधिकारियों से शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
जिला सहकारी बैंक गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर के पूर्व अध्यक्ष हरिराज सिंह चौधरी ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर अधिशासी अभियंता (XEN) को लिखित शिकायत दी और फोन पर भी बात की। लो वोल्टेज की समस्या तो हल हो गई, लेकिन ट्रांसफार्मर की लीड अभी तक नहीं बदली गई।
काम हो गया’ कहकर फोन, लेकिन मौके पर हालात जस के तस
हरिराज सिंह ने बताया कि शनिवार शाम एक्सईएन का फोन आया कि ‘आपका काम करा दिया गया है’। लेकिन रविवार तक भी काम नहीं हुआ। उन्होंने अधीक्षण अभियंता (SE) को ताजा फोटो भेजकर स्थिति से अवगत कराया है।
‘स्पार्किंग से कभी भी हो सकता है हादसा’
कॉलोनीवासियों का कहना है कि लूजिंग और स्पार्किंग के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने विभाग से तुरंत संज्ञान लेकर ट्रांसफार्मर की खराब लीड बदलने और न्यूट्रल को सही तरीके से जोड़ने की मांग की है ताकि उपकरणों को नुकसान से बचाया जा सके।











