हापुड़ में 13वें बालिका आत्मरक्षा व योग शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 190 बालिकाओं ने लिया हिस्सा

हापुड़ में 13वें बालिका आत्मरक्षा व योग शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 190 बालिकाओं ने लिया हिस्सा
क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में आर्य कन्या पाठशाला में हुआ आयोजन; जूडो-कराटे, लाठी और शूटिंग का दिया जाएगा प्रशिक्षण, योग सुबह तो आत्मरक्षा शिविर शाम को
हापुड़। क्रीड़ा भारती हापुड़ के तत्वावधान में 13वें बालिका आत्मरक्षा व योग शिविर का शुभारंभ रविवार को आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, स्वर्ग आश्रम रोड में हुआ। पहले दिन 190 बालिकाओं ने शिविर में हिस्सा लिया।
शिविर का उद्घाटन क्रीड़ा भारती के प्रदेश मंत्री डॉ. विकास अग्रवाल, मेरठ प्रांत संगठन महामंत्री उमेश कुमार, प्रांत अध्यक्ष विशाल मित्तल, जिलाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, विभाग संयोजक डॉ. सुदर्शन त्यागी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीना आर्य ने की। इस दौरान जिला महिला अध्यक्ष वंदना सिंघल, जिला संरक्षक बृजेश गर्ग, जिला मंत्री मनप्रीत खैरा भी उपस्थित रहे। मंच संचालन अंजू आजाद ने किया।
नगर अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने बताया कि सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षक रोहताश सिंह, गीतिका सिंह और शूटिंग प्रशिक्षक अंकुश चौधरी बालिकाओं को जूडो-कराटे, दंड (लाठी) चलाना व शूटिंग का अभ्यास कराएंगे। जिला महिला मंत्री सुनीता स्वामी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य आपात स्थिति में लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए तैयार करना और उनमें आत्मविश्वास पैदा करना है।
सेल्फ डिफेंस संयोजिका नीलम गुप्ता ने बताया कि योग शिविर रोजाना सुबह 5:30 से 7:00 बजे तक और आत्मरक्षा शिविर सायं 5:00 से 7:00 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में गुंजन गर्ग, परवीन कुमार, मोहित शर्मा, प्रीति वर्मा, अंजलि गर्ग, अतुल अग्रवाल, वर्षा गर्ग, अर्चित समेत अन्य लोग मौजूद रहे। समापन पर सभी बालिकाओं को जलपान वितरित किया गया।











