ससुरालियों ने दहेज के लिए विवाहिता को पीट पीटकर किया अधमरा, इलाज के दौरान मौत

हापुड़।
थाना देहात क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में दहेज के लिए विवाहिता को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया गया। विवाहिता का उपचार दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां उसकी मौत हो गई। इस मामले में स्वजन ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हापुड़ के मोहल्ला मजीदपुरा की हसीना ने बताया कि वर्ष 2021 में उसकी पुत्री फोजिया का विवाह गांव सुल्तानपुर के एक युवक से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी और पुत्री को प्रताड़ित करने लगे। परिवार में विवाद न हो, इस कारण फोजिया ने प्रताड़ना सहन की। 12 सितंबर को आरोपितों ने दहेज की
मांग को लेकर उसे बुरी तरह पीटा। किसी तरह फोजिया ने अपनी बड़ी बहन चांदनी को फोन किया और बताया कि ससुराल वाले उसे मारने की कोशिश कर रहे हैं। चांदनी ने मामले की जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद वे फोजिया के ससुराल पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि फोजिया दिल्ली के सफदरजंग
अस्पताल में भर्ती है। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। 14 सितंबर को दिल्ली पुलिस ने फौजिया के शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गंभीर चोटों की पुष्टि हुई।
थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












