हापुड़ में में तेंदुए की दस्तक, CCTV में कैद, लोगों में दहशत

हापुड़ में में तेंदुए की दस्तक, CCTV में कैद, लोगों में दहशत
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र की पॉश कॉलोनी प्रीत विहार और नजदीकी गांव सरावा में तेंदुए के देखे जाने से हड़कंप मचा हुआ है। CCTV में तेंदुए की चहलकदमी कैद होने के बाद से लोग दहशत में हैं।
जानकारी के अनुसार दिल्ली रोड स्थित HPDA की प्रीत विहार कॉलोनी में रविवार रात कुछ निवासियों ने एक बड़े वन्यजीव को घूमते देखा। संदेह होने पर कॉलोनी के CCTV कैमरे खंगाले गए। फुटेज में तेंदुआ रात के अंधेरे में सड़क पर घूमता साफ नजर आया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलोनी में डर का माहौल है।
उधर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरावा में भी तेंदुए के पदचिह्न मिले हैं। सोमवार सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तो जमीन पर बड़े वन्यजीव के ताजा पंजों के निशान मिले। ग्रामीणों का दावा है कि ये निशान तेंदुए के हैं। खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। किसान अब अकेले खेतों पर जाने से बच रहे हैं और समूह में लाठी-डंडों के साथ निकल रहे हैं।
घटना के बाद कॉलोनी वासियों और ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रात में बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
वन विभाग की टीम को सूचना दे दी गई है। अधिकारी क्षेत्र में सर्च अभियान चलाने और पिंजरा लगाने की तैयारी में जुटे हैं।











