हाईवें किनारे खड़ी खराब बस से उतरे यात्रियों को ट्रेलर ने कुचला, मासूम समेत 2 की मौत; 6 घायल

हाईवें किनारे खड़ी खराब बस से उतरे यात्रियों को ट्रेलर ने कुचला, मासूम समेत 2 की मौत; 6 घायल
हापुड (यर्थाथ अग्रवाल मुन्ना/ रिशु)। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में मंगलवार सुबह सोना फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस से उतरे यात्रियों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसे में 5 साल की मासूम नायरा समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 यात्री घायल हैं।
पुलिस के अनुसार सोहराब गेट डिपो की बस गोंडा से दिल्ली जा रही थी। सोना फ्लाईओवर के पीछे बस में तकनीकी खराबी आने पर उसे सर्विस लेन कट के पास खड़ा कर दिया गया था। यात्री दूसरी बस में शिफ्ट होने के लिए डिवाइडर कट के पास सड़क किनारे इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाही से यात्रियों को टक्कर मार दी।
हादसे में करीब 5 वर्षीय नायरा की मौके पर ही मौत हो गई। सीतापुर निवासी मीरा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को जिला अस्पताल और सीएचसी हापुड़ में भर्ती कराया गया। गंभीर चोट के चलते कांति, अरुणा अवस्थी और कंचन को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे में ट्रेलर चालक भी घायल हुआ है।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक पारस मलिक ने बताया कि ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।











