स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं का हंगामा, कार्यालय का घेराव

हापुड़।
नगर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास इलाके में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर हंगामा किया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाएं सीधे कार्यालय में पहुंच गईं और आक्रोश जताते हुए बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। महिलाओं ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक विरोध जारी रहेगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने में जुट गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया और शांति बनाए रखने की अपील की।
अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर सरकार की योजना के तहत लगाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सही बिलिंग मिल सके। कुछ लोगों में जागरूकता की कमी के कारण भ्रम की स्थिति बनी हुई है। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं की हर समस्या का समाधान किया जाएगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि विभाग लोगों को स्मार्ट मीटर के फायदे समझाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाएगा, ताकि गलतफहमियां दूर की जा सकें।











