साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए 8.29 लाख, 1930 पर शिकायत के दौरान भी जारी रहा ट्रांजेक्शन

साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए 8.29 लाख, 1930 पर शिकायत के दौरान भी जारी रहा ट्रांजेक्शन
हापुड़।कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। मेरठ गेट गोल मार्केट निवासी अनुज कुमार के आईडीबीआई बैंक खाते से साइबर ठगों ने 8.29 लाख रुपये निकाल लिए।
13 जून की सुबह करीब 10:45 बजे अनुज के मोबाइल पर 38,100 रुपये कटने का मैसेज आया। अनधिकृत लेनदेन की आशंका पर उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के दौरान ही ठगों ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से खाते से लगातार रकम निकाल ली। कुल 8.29 लाख रुपये की ठगी हुई।
पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन और आईपी एड्रेस के आधार पर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
उधर हापुड़ की बैंक कॉलोनी चमरी रोड निवासी राज सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनके पीएनबी खाते से तीन बार में 6.39 लाख रुपये निकाल लिए।
राज सिंह का खाता पंजाब नेशनल बैंक की मेरठ रोड शाखा में है। पहला ट्रांजेक्शन 12 अप्रैल 2026 को हुआ जिसमें 4.30 लाख रुपये निकाले गए। इसके बाद 19 मई को 99 हजार और 21 मई को 1.10 लाख रुपये की ठगी की गई। कुल 6.39 लाख की रकम खाते से गायब हुई।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बैंक लेनदेन और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
*पुलिस की सलाह:* किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ओटीपी, पिन, सीवीवी किसी से साझा न करें। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।











