श्री मां चंडी मंदिर सेवा समिति द्वारा चंडी मंदिर में कराई जा रही शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन उमड़ा जनसैलाब, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

श्री मां चंडी मंदिर सेवा समिति द्वारा चंडी मंदिर में कराई जा रही शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन उमड़ा जनसैलाब, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
कल 6 अगस्त को निकली जाएगी भोले बाबा की बारात
हापुड़। नगर के प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल श्री चंडी मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन श्रद्धालु भक्ति के सागर में सराबोर नजर आए। कथा पंडाल पूरी तरह से शिवभक्तों से खचाखच भरा रहा और पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।कथा व्यास पंडित मोहित भारद्वाज ने अपने मुखारविंद से भगवान शिव की महिमा और दिव्य प्रसंगों का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया। पंडित जी के भजनों और चौपाइयों पर पंडाल में मौजूद श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और भक्ति में लीन होकर झूमते-नाचते नजर आए। कथा के दिव्य प्रसंगों को सुनकर सभी भक्त भावविभोर और मंत्रमुग्ध हो गए।कथा के विश्राम पर मुख्य यजमानों सहित उपस्थित भक्तों ने श्री शिव महापुराण आरती उतारी। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया, जिसे पाकर भक्तों ने स्वयं को धन्य महसूस किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।















