प्रेम विवाह करने वाले युगल ने पुलिस से मांगी सुरक्षा

प्रेम विवाह करने वाले युगल ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव उपैड़ा निवासी एक प्रेमी युगल ने पांच लोगों पर जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि गांव आने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम उपैड़ा निवासी सपना ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसने गांव के ही रहने वाले सुमित से प्रेम विवाह किया है। सपना ने कहा कि वह बालिग है और अपना भला-बुरा समझती है।शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के कुछ लोग उनसे नाराज हैं।पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब भी वह गांव आती है तो 5 लोग उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। जान से मारने की धमकी भी देते हैं। इसी वजह से दोनों को अपनी जान का खतरा है।
एसपी के आदेश पर बाबूगढ़ पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पांच नामजद लोगों के खिलाफ धमकी, मारपीट और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।















