शादी में मचा हड़कंप, ट्रान्सपोर्टर के घर से विदाई के 10 लाख नकदी-जेवर चोरी

शादी में मचा हड़कंप, ट्रान्सपोर्टर के घर से विदाई के 10 लाख नकदी-जेवर चोरी
हापुड़। थाना क्षेत्र की मंडी निवासी ट्रांसपोर्टर व भाजपा नेता अशोक बबली की बेटी की शादी में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। गढ़ रोड स्थित ‘मनोहर रिजेंसी मैरिज होम’ से चोर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।
अशोक बबली की बेटी का विवाह समारोह शनिवार को धूमधाम से संपन्न हुआ था। रविवार सुबह करीब 7 बजे चोरों ने मैरिज होम के एक बंद कमरे को निशाना बनाया। चोरों ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और वहां रखा बैग उड़ा ले गए।
बताया जा रहा है कि बैग में विदाई के लिए रखे 10 लाख रुपये से अधिक की नकदी और सोने-चांदी के कीमती आभूषण थे। टूटी खिड़की और गायब बैग देखकर परिजनों के होश उड़ गए। शादी वाले घर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मैरिज होम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
–











