गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी तीन दिन तक नहीं खोज पाई पुलिस, अस्पतालों में दम तोड़ा लापता युवक

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी तीन दिन तक नहीं खोज पाई पुलिस, अस्पतालों में दम तोड़ा लापता युवक
, हापुड़:
थाना हापुड़ क्षेत्र निवासी एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में तीन दिन पूर्व लापता हो गया था। पुलिस की लापरवाही से घायल युवक की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के
केशव नगर निवासी मोहित आठ जुलाई की शाम से लापता था। परिजनों ने उसी दिन गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस उसे खोज नहीं पाई। इस बीच घायल मोहित तीन दिन तक पांच अस्पतालों में भटकता रहा और अंत में दिल्ली में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार 8 जुलाई शाम करीब 5:30 बजे मोहित घर से निकला था। गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने कोई सुराग नहीं लगाया। 10 जुलाई को मोहित की स्कूटी सरस्वती मेडिकल कॉलेज में खड़ी मिली। पता चला कि एक अज्ञात गंभीर घायल को वहां भर्ती कराया गया था।
इसके बाद परिजन रामा मेडिकल, फिर जिला अस्पताल दस्तोई रोड, फिर मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। हर जगह से उसे रेफर किया जा रहा था। देर रात डॉक्टरों से मिन्नत कर मोहित को दिल्ली रेफर कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अज्ञात घायल का रिकॉर्ड क्यों नहीं खंगाला। मोहित के सिर पर ही गंभीर चोट थी, जबकि शरीर पर अन्य कोई निशान नहीं था। स्कूटी भी सही-सलामत मिली।
परिजनों ने अपहरण कर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।











