केन्द्रीय मंत्री का फर्जी प्रतिनिधि बनकर थाना प्रभारी को धमकाने वाला गिरफ्तार ,भेजा जेल

केन्द्रीय मंत्री का फर्जी प्रतिनिधि बनकर थाना प्रभारी को धमकाने वाला गिरफ्तार ,भेजा जेल
हापुड़।
थाना कपूरपुर थाना क्षेत्र में सूफियान हत्याकांड को लेकर एक युवक ने थाना प्रभारी को केन्द्रीय मंत्री का प्रतिनिधि बताकर धमकाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को कपूरपुर थाना प्रभारी विनोद पांडेय के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कैबिनेट मंत्री का प्रतिनिधि बताते हुए सूफियान हत्याकांड में पुलिस की सुस्ती पर सवाल दागे। उसने पूछा कि अब तक मुख्य आरोपियों को क्यों नहीं पकड़ा गया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दो आरोपियों आशीष और अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश तेजी से जारी है। लेकिन इस जवाब से आरोपी भड़क गया और गुस्से में थाना प्रभारी पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उसने धमकी देते हुए कहा कि अगर जल्द कार्रवाई न हुई तो परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
थाना प्रभारी को कॉलर पर शक हुआ और उन्होंने तुरंत जांच शुरू कर दी। कॉल डिटेल्स और अन्य सुरागों से पता चला कि आरोपी हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव हाफिजपुर का रहने वाला प्रवीण कुमार है। वह स्थानीय ब्लॉक में संविदा पर काम करता है। पुलिस ने प्रवीण को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने “बस ऐसे ही” कॉल कर दी थी, लेकिन कोई ठोस वजह नहीं बता सका। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि प्रवीण ने जनपद के एक अन्य थाने के प्रभारी को भी इसी तरह फोन कर रौब झाड़ने की कोशिश की थी।












