मंत्री के कालेज में छात्र ने की फायरिंग,सुरक्षाकर्मी घायल, गिरफ्तार
![](http://i0.wp.com/ehapuruday.com/wp-content/uploads/2024/03/screenshot_2024-03-16-11-50-39-37_680d03679600f7af0b4c700c6b270fe77E27045228741358825792-300x213.webp?resize=300%2C213&ssl=1)
हापुड़। गढ़मक्तेश्वर स्थित रुद्रा इंस्टीट्यूट में एक छात्र ने फायरिंग कर दी। हाथ में गोली लगने से एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया। इस दौरान परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं में भगदड़ मच गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी छात्र करनजीत को गिरफ्तार कर लिया है।
ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर रुद्रा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के प्रबंधक हैं। शुक्रवार की सुबह कॉलेज में परीक्षा थी। इस दौरान सुरक्षाकर्मी नानपुर निवासी विजय सिंह मुख्य गेट पर ड्यूटी कर रहे थे।
विजय सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव मानकचौक निवासी छात्र करनजीत बाइक से कॉलेज पहुंचा। मुख्य गेट के सामने उसने बाइक खड़ी कर दी। उन्होंने छात्र से बाइक हटाने के लिए कहा तो उसने अभद्रता शुरू कर दी। इस पर अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर उन्होंने छात्र को वहां से भगा दिया। कुछ ही देर बाद आरोपी दोबारा कॉलेज पहुंच गया और एक के बाद एक तीन फायर कर दिया। एक गोली सुरक्षाकर्मी विजय सिंह के हाथ को छूते हुए निकली, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद आरोपी छात्र जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि गार्ड की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी छात्र को करनजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है।