प्लॉट के नाम पर 10 लाख हड़पे, रकम मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

प्लॉट के नाम पर 10 लाख हड़पे, रकम मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव भैना निवासी विनित कुमार ने गढ़ नगर के मोहल्ला उपाध्याय नगर निवासी एक युवक पर प्लॉट बेचने के नाम पर 10 लाख रुपये हड़पने और रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
विनित कुमार ने बताया कि उसे नगर में आवासीय प्लॉट खरीदना था। इसी दौरान उसकी मुलाकात गढ़ नगर निवासी एक युवक से हुई। आरोपी ने उपाध्याय नगर में 100 गज का प्लॉट 10 लाख रुपये में देने की बात कही। प्लॉट पसंद आने पर 28 जनवरी को विनित ने आरोपी के खाते में 4.95 लाख रुपये ऑनलाइन और 5 हजार रुपये नकद दिए।
आरोप है कि इसके बाद गवाहों के सामने 5 लाख रुपये नकद भी दे दिए गए। पूरी रकम लेने के बाद भी आरोपी ने बैनामा नहीं कराया और लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में पता चला कि आरोपी ने उक्त प्लॉट किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है।
रकम वापस मांगने पर आरोपी ने 4.95 लाख और 5 लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन दोनों पर्याप्त धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गए। पीड़ित का कहना है कि 2 अगस्त को जब उसने रकम मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और बदमाशों से हत्या कराने की धमकी दी।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।















