नाबालिग बेटी को कथित रूप से बेचकर शादी कराने का आरोप, मां ने डीएम-एसपी से लगाई न्याय की गुहार

नाबालिग बेटी को कथित रूप से बेचकर शादी कराने का आरोप, मां ने डीएम-एसपी से लगाई न्याय की गुहार
हापुड़। जनपद में एक महिला ने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को कथित रूप से आर्थिक लेन-देन कर बेचने और जबरन शादी कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित मां ने डीएम और एसपी को शिकायती पत्र देकर बेटी की सुरक्षा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।
शिकायतकर्ता महिला के अनुसार 2018 में उसके पहले पति की मौत के बाद उसे पारिवारिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। बाद में उसने दूसरा विवाह किया। उसके तीन बच्चों में से दो रिश्तेदारों के पास रहने लगे, जबकि एक बेटी उसके साथ थी। महिला का आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर उसकी नाबालिग बेटी को निशाना बनाया गया।
महिला ने शिकायती पत्र में लिखा कि 12 जुलाई 2026 को कुछ लोगों ने उसकी बेटी को बुलंदशहर जनपद के एक गांव में ले जाकर उसकी और परिवार की सहमति के बिना शादी करा दी। महिला का यह भी आरोप है कि इस पूरी घटना में आर्थिक लेन-देन हुआ और बेटी को पैसों के बदले सौंपा गया।
महिला का दावा है कि बेटी से संपर्क होने पर उसने बताया कि उसके साथ उसकी मर्जी के खिलाफ गलत व्यवहार किया गया।
मां ने प्रशासन से बेटी के लिए तत्काल सुरक्षा, मेडिकल परीक्षण, मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान, एफआईआर दर्ज करने, कथित जबरन विवाह और धन-लेनदेन की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं। नाबालिग से जुड़े मामलों में कानून के अनुसार प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।











