दहेज हत्या मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार

दहेज हत्या मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार
धौलाना। दहेज हत्या के एक मामले में दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित पक्ष ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद दोनों आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
कस्बा धौलाना निवासी सुभाष पुत्र रेवत ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी पुत्री की दहेज हत्या के संबंध में थाना हापुड़ देहात में मुकदमा अपराध संख्या 196/2026 धारा 85, 80(1) बीएनएसएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज है। मामले में दीपांश, वीरपाल, नैन कुमार और संगीता को नामजद किया गया था। पुलिस ने दीपांशु और वीरपाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नैन कुमार और संगीता की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई बार थाना पुलिस और संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया गया, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि दोनों आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल है और न्याय मिलने में देरी हो रही है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले का संज्ञान लेकर फरार दोनों आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कराने तथा उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।















