जिला अस्पताल में जुड़वा बच्चों को जन्म के बाद महिला की मौत

जिला अस्पताल में जुड़वा बच्चों को जन्म के बाद महिला की मौत
प्रसव के बाद बिगड़ी हालत, मेरठ मेडिकल रेफर करने पर तोड़ा दम; दोनों नवजात नर्सरी में भर्ती, दौरे पड़ने से हालत नाजुक
हापुड़। देवलोक कॉलोनी निवासी गर्भवती महिला की जिला अस्पताल में जुड़वा बच्चों को जन्म देने के बाद मौत हो गई। प्रसव के कुछ घंटे बाद ही महिला की हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। दोनों नवजात बच्चों की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
*12 साल के बेटे के साथ पहुंची थी अस्पताल*
जिला अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक शुक्रवार दोपहर देवलोक कॉलोनी निवासी प्रदीप शर्मा की पत्नी लकी अपने 12 साल के बेटे के साथ प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल पहुंची थी। डॉक्टरों की सलाह पर वह अस्पताल परिसर में बने अल्ट्रासाउंड सेंटर में जांच कराने गई, तभी उसकी हालत बिगड़ने लगी।
*सामान्य प्रसव से हुए जुड़वा बेटे*
डॉक्टरों ने तुरंत भर्ती कर सामान्य प्रसव कराया। लकी ने दो जुड़वा बेटों को जन्म दिया। लेकिन शाम को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना देकर महिला को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
*पति रात में पहुंचा, नवजातों को पड़ रहे दौरे*
शुरुआत में महिला के साथ सिर्फ 12 साल का बेटा ही था। शनिवार रात पति प्रदीप अस्पताल पहुंचा। सीएमएस डॉ. हेमलता ने बताया कि दोनों नवजात बच्चों को नर्सरी में भर्ती किया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें अभी भी दौरे पड़ रहे हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।











