कीटनाशक सेवन से 15 वर्षीय किशोरी की मौत, परिजनों ने बिना कार्रवाई किया अंतिम संस्कार

कीटनाशक सेवन से 15 वर्षीय किशोरी की मौत, परिजनों ने बिना कार्रवाई किया अंतिम संस्कार
हापुड़। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सदरपुर में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर में रखे कीटनाशक का सेवन करने वाली 15 वर्षीय किशोरी की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सदरपुर निवासी किशोरी पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। शनिवार को उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी तो घबराए परिजन उसे तुरंत स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती किशोरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
बिना कार्रवाई किया अंतिम संस्कार
घटना की सूचना पर पुलिस भी गांव पहुंची। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि किशोरी की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई गई। परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर या विस्तृत जानकारी नहीं दी गई। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











