कांवड़ यात्रा से पहले हापुड़ में खाद्य विभाग अलर्ट, ढाबों और दुकानों पर लगे क्यूआर कोड, स्कैन करते ही होगी शिकायत

कांवड़ यात्रा से पहले हापुड़ में खाद्य विभाग अलर्ट, ढाबों और दुकानों पर लगे क्यूआर कोड, स्कैन करते ही होगी शिकायत
, हापुड़ :
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा शुरू होने से पूर्व खाद्य सुरक्षा विभाग ने कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी ढाबों, होटलों और खाने-पीने की दुकानों पर क्यूआर कोड लगाने की नई पहल शुरू की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त चंद्रशेखर ने बताया कि कांवड़िए अब अपने मोबाइल से दुकानों पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करके भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और रेट को लेकर सीधे फीडबैक या शिकायत दर्ज कर सकेंगे।
शिकायत मिलते ही विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का निस्तारण करेगी। इससे खाने-पीने की चीजों में लापरवाही और मिलावट पर रोक लगेगी।
उन्होंने बताया कि
खाद्य विभाग की टीमें रोजाना कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री का रख-रखाव और लाइसेंस समेत सभी मानकों की जांच की जा रही है।मिलावटखोरी, गंदगी फैलाने और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
उन्होंने बताया ने कि नियमों का पालन न करने वाले ढाबों, होटलों और दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंस निरस्त करने से लेकर जुर्माना तक की कार्रवाई की जा सकती है।















