कार व पांच लाख की मांग पूरी ना होने पर विवाहता की पिटाई, हुआ गर्भपात

हापुड़।
थाना पिलखुवा क्षेत्र निवासी महिला ने ससुरालियों पर दहेज में कार व पांच लाख की मांग पूरी ना होने पर पिटाई व उत्पीड़न व गर्भपात का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
पिलखुवा निवासी मोहल्ला गढ़ी निवासी तनु चौहान ने बताया है कि उसकी शादी 13 दिसंबर 2024 को अनुज राणा से हुई थी।
सामाजिक विवाह के बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति और उसकी बहनों द्वारा दहेज को लेकर ताने दिए जाने लगे। आरोप है कि कार और पांच लाख रुपये के लिए उसपर लगातार दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की जाती थी।
आरोप है कि 23 जून 2025 को ससुराल में उसके साथ गंभीर मारपीट की गई। इससे उसकी हालत बिगड़ गई और गर्भ में पल रहे नवजात की मौत हो गई।
बाद में समझौते के बाद दोबारा ससुराल भेजा गया, लेकिन उत्पीड़न फिर शुरू हो गया। आरोप है कि स्त्री धन भी ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिया और वर्तमान गर्भावस्था को लेकर भी मानसिक दबाव और धमकियां दी गईं।
मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।












