सनसनीखेज: पत्नी और प्रेमी ने रची पति की हत्या की साजिश, ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुला राज

हापुड़। थाना सिम्भावली
क्षेत्र के गांव बक्सर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पति ने अपनी ही पत्नी और उसके प्रेमी पर उसकी हत्या की साजिश रचने का संगीन आरोप लगाया है। पीड़ित पति का दावा है कि उसने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की बातचीत को मोबाइल पर रिकॉर्ड कर लिया है, जिसमें वे उसे जहर देकर मारने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कॉल कॉन्फ्रेंसिंग ने खोल दी पोल
पीड़ित दीपक ने बताया कि उनकी शादी करीब चार साल पहले आजमगढ़ की रहने वाली आंचल के साथ हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए, जिनमें से एक की मृत्यु हो चुकी है। दीपक के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उनकी पत्नी मोबाइल पर अन्य लोगों से काफी बात करने लगी थी।
एक दिन जब दीपक ने अपनी पत्नी के मोबाइल पर कॉल की, तो नंबर व्यस्त मिला। इसी दौरान तकनीकी तौर पर कॉल अचानक कॉन्फ्रेंस पर लग गई। दीपक ने जब दोनों की बातचीत सुनी तो उसके होश उड़ गए। पत्नी आंचल और उसका प्रेमी कपिल उसे जहर देकर रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे। दीपक ने सूझबूझ दिखाते हुए इस पूरी बातचीत को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
घर से नकदी और जेवर लेकर फरार
पीड़ित का आरोप है कि इस घटना के बाद, करीब एक माह पहले आंचल घर में रखे 38 हजार रुपये कैश, कीमती आभूषण और बच्चे को साथ लेकर अपने प्रेमी कपिल के साथ फरार हो गई। आरोप यह भी है कि घर छोड़ने के बाद से दोनों दीपक को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
पीड़ित दीपक की तहरीर के आधार पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











