युवती को भगाने के शक में आरोपी की मां को पीट पीटकर किया घायल, इलाज के दौरान मौत, शव रखकर किया हंगामा

हापुड़।
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में लड़की भगाने के शक में युवक की मां को लड़की पक्ष ने पीट पीट कर अधमरा कर दिया। जिससे इलाज के दौरान मौत हो गई। गुस्सायें परिजनों ने देर रात शव सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति की बेटी शनिवार को कॉलेज जाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। लड़की के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले रुगगन और उसके परिवार पर बेटी को भगाने का आरोप लगाया था। इसी को लेकर मंगलवार को दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के समय रुगगन और उसकी पत्नी सरोज घर पर अकेले थे। आरोप है कि लड़की के भाई ने दंपती के साथ मारपीट की, रुगगन को एक कमरे में बंद कर दिया और सरोज उर्फ सत्तो को घसीटते हुए सड़क पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल सरोज को इलाज के लिए मेरठ भेजा गया, जहां बुधवार शाम उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात परिजन शव को लेकर मेरठ तिराहे पर पहुंचे और शव सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने लड़की पक्ष के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।












