पीएसी के सेवानिवृत्त दरोगा के बंद मकान में चोरी, नगदी और गहने ले गए चोर

पीएसी के सेवानिवृत्त दरोगा के बंद मकान में चोरी, नगदी और गहने ले गए चोर
हापुड़। । थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला पर पिंक पुलिस चौकी के पास पीएसी के सेवानिवृत्त दरोगा के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली।
कुचेसर रोड चौपला निवासी नंदकिशोर शर्मा वर्ष 2016 में पीएसी में दरोगा के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह 20 जुलाई को मकान में ताला लगाकर पत्नी सावित्री के साथ गाजियाबाद में बच्चों के पास चले गए थे।
मंगलवार दोपहर पत्नी सावित्री गाजियाबाद से वापस आईं। कुछ देर मकान पर रुकने के बाद उन्होंने दोबारा ताला लगाकर अपने मायके छतनोरा के लिए प्रस्थान कर दिया।
बुधवार सुबह पड़ोसियों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा तो परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। अंदर कमरों का सामान बिखरा मिला। संदूक में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये की नगदी गायब थी। पीड़ित ने तुरंत बाबूगढ़ पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में रात करीब 2:30 बजे एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक गली में आते दिखाई दिए।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।















