नाई की दुकान पर तमंचा तानकर दी जान से मारने की धमकी, वीडियो वायरल

नाई की दुकान पर तमंचा तानकर दी जान से मारने की धमकी, वीडियो वायरल
हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र की मुस्कान कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक नाई की दुकान पर असला दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने खालिद नामक युवक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित अब्दुल कादिर पुत्र जाकिर अली निवासी ग्राम सलाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह मुस्कान कॉलोनी में नाई की दुकान पर बाल कटवा रहा था। इसी दौरान ग्राम सलाई निवासी खालिद पुत्र मंसूर के मोबाइल नंबर 9411954786 से उसके पास फोन आया और गाली-गलौच करते हुए धमकी दी गई।
आरोप है कि सुबह खालिद अपनी स्कूटी से दुकान पर पहुंचा। दुकान के बाहर ही उसने अब्दुल कादिर के साथ गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर खालिद ने अपनी कमर से अवैध असला निकालकर तान दिया और “जान से मार दूंगा” की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार जान का खतरा देखकर उसने शोर मचाया। शोर सुनकर नदीम पुत्र अल्लादिया निवासी ग्राम सलाई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख खालिद जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।
घटना की सूचना नदीम द्वारा 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। पीड़ित ने बताया कि घटना से संबंधित कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो उसके पास सबूत के तौर पर मौजूद हैं।
*पुलिस ने शुरू की जांच*
अब्दुल कादिर ने थाना हापुड़ देहात पहुंचकर खालिद के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ का कहना है कि पीड़ित द्वारा दिए गए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।















