दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल ने पति-ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप, एफआईआर दर्ज

दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल ने पति-ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप
हापुड़। दिल्ली पुलिस में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, जान से मारने की कोशिश और अप्राकृतिक यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। एसपी के आदेश पर थाना हापुड़ देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के एक मोहल्ले की निवासी पीड़िता दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है। उसने तहरीर में बताया कि वर्ष 2022 में उसका विवाह हरियाणा के जींद जिले के गांव बरसोला निवासी एक युवक से हुआ था। पति भी दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है।
पीड़िता के अनुसार दिसंबर 2024 में ससुराल पक्ष के लोग उसे मायके हापुड़ लेकर आए। आरोप है कि रास्ते में छिजारसी टोल पर पति और जेठ भी गाड़ी में सवार हो गए। मायके पहुंचने के बाद आरोपियों ने दहेज की मांग की। पीड़िता की शिकायत पर एसपी के आदेश के बाद हापुड़ देहात पुलिस ने पति, जेठ और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, जानलेवा हमला, मारपीट और यौन शोषण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।















