ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला: गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, धू-धूकर जली, यात्री बाल-बाल बचे

ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला: गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, धू-धूकर जली, यात्री बाल-बाल बचे
हापुड़(यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में शनिवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से सिद्धार्थनगर जा रही एक डबल डेकर बस में भीषण आग लग गई। हादसे में बस जलकर खाक हो गई, लेकिन गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार बहादुरगढ़ क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेस वे पर सुबह करीब 3 बजे एसी स्लीपर बस में चलते-चलते शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई।
बस चालक ने तुरंत बस साइड में रोककर यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना पर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।











