टाटा मैजिक और एक ऑटो की टक्कर विवाद में घायल युवक की मौत, हत्या की एफआईआर दर्ज

हापुड़। गढ़ कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर हुए रोडरेज के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय अजीम की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अजीम मुरादाबाद से दिल्ली काम के लिए जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर टाटा मैजिक और एक ऑटो की टक्कर के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आधा दर्जन से अधिक लोगों ने अजीम के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर कोमा में चला गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि घटना में मनीष, अंकित, लोकेश, शिवम सहित अन्य लोग शामिल थे। घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।















