घरेलू कलह बनी खूनी: लव-मैरिज करने वाले पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

घरेलू कलह बनी खूनी: लव-मैरिज करने वाले पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की, आरोपी गिरफ्तार
अपना आश्रम कॉलोनी की घटना; पहले पति से झगड़े के बाद की थी लव मैरिज, देर रात कहासुनी के बाद वारदात
हापुड़। पिलखुआ थाना क्षेत्र की अपना आश्रम कॉलोनी में सोमवार देर रात घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्या है मामला
मृतका की पहचान 30 वर्षीय सीमा के रूप में हुई है। सीमा ने पहले पति से विवाद के बाद अभिषेक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
सोमवार देर रात भी किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में आए अभिषेक ने सीमा का गला दबा दिया। मौके पर ही सीमा की मौत हो गई।
सूचना पर पिलखुआ पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि आरोपी पति अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह हत्या की वजह सामने आ रही है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।











