ग्रीष्मावकाश के बाद खुले स्कूल, हापुड़ में ‘स्कूल चलो अभियान’ शुरू; BSA ने बच्चों का किया तिलक कर स्वागत

ग्रीष्मावकाश के बाद खुले स्कूल, हापुड़ में ‘स्कूल चलो अभियान’ शुरू; BSA ने बच्चों का किया तिलक कर स्वागत
हापुड़। ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार को स्कूल खुलते ही जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान’ का आगाज हो गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय अकड़ौली का औचक निरीक्षण कर अभियान का शुभारंभ किया।
तिलक- माला से हुआ स्वागत
इस दौरान BSA दीपा भाटी, BEO हापुड़ देशराज वत्स, BEO धौलाना पंकज चतुर्वेदी और DC MDM प्रदीप चौधरी ने बच्चों का माला पहनाकर और चंदन-रोली का तिलक लगाकर स्वागत किया। प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार व स्टाफ ने पुष्प वर्षा कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और रोज स्कूल आने को प्रेरित किया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ पर रोपण
कार्यक्रम की शुरुआत BSA ने इको क्लब के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में पौधा रोपकर की। मिड-डे मील में तय मेन्यू के साथ बच्चों को विशेष व्यंजन हलवा भी परोसा गया। अतिथियों ने खुद चखकर खाने की गुणवत्ता परखी।
प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने BSA व BEO को पौधा और मोमेंटो भेंट कर आभार जताया। कार्यक्रम में शिक्षिकाएं माधुरी वर्मा, आरजू सिंह, चारू जैन, अनीता डबरा, रेखा रानी और रसोइया एकता, अंशु देवी, सर्वेश देवी का विशेष सहयोग रहा।











