गौ सम्मान आव्हान: 27 जुलाई को 5 लाख हस्ताक्षर संग जिला मुख्यालय पर सौंपा जाएगा ज्ञापन

गौ सम्मान आव्हान: 27 जुलाई को 5 लाख हस्ताक्षर संग जिला मुख्यालय पर सौंपा जाएगा ज्ञापन
हापुड़(यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। गो माता को राष्ट्रीय सम्मान और पूर्ण सुरक्षा दिलाने की मांग को लेकर अब देशभर में जनांदोलन शुरू होगा। इसी क्रम में 27 जुलाई को हापुड़ सहित देश के 780 जिलों में एक साथ जिला मुख्यालयों पर भव्य संकीर्तन के साथ भारत सरकार व राज्य सरकार को प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा।
शनिवार को श्री सनातन धर्म सभा, में आयोजित “गो सम्मान आव्हान अभियान” की गोष्ठी में निर्णय लिया गया। गोष्ठी में हापुड़ नगर की सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे संतों ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक जिले में 5 लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। हापुड़ के व्यापारियों ने इस लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लिया है। विद्यालयों में शिक्षकों व मंदिरों में पुजारियों के माध्यम से भी हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
गोष्ठी में तय किया गया कि केंद्र सरकार से गो रक्षा हेतु कठोर केंद्रीय कानून, केंद्रीय गो सेवा मंत्रालय की स्थापना, गो माता को राष्ट्रीय सम्मान, शिक्षा में गो महिमा को शामिल करने, गो आधारित विषमुक्त कृषि व पंचगव्य को बढ़ावा देने तथा गोचर भूमि मुक्त कराने की मांग की जाएगी।
कार्यक्रम में मलूकपीठ वृंदावन धाम से पधारे परम पूज्य गोपेश बाबा ने कहा कि गो सेवा केवल धार्मिक विषय नहीं है, बल्कि यह कृषि और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा है। उन्होंने सभी सनातनियों से अभियान से जुड़ने का आव्हान किया।
गोष्ठी में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि गो माता की सेवा और सुरक्षा के लिए अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।











