गुरु पूर्णिमा पर हापुड़ में गूंजे बालाजी के जयकारे, गुरु सुशांत तोमर के सानिध्य में लगा भव्य दरबार

गुरु पूर्णिमा पर हापुड़ में गूंजे बालाजी के जयकारे, गुरु सुशांत तोमर के सानिध्य में लगा भव्य दरबार
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को दिल्ली रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज का भव्य दरबार सजाया गया। ‘हम बाबा वाले हैं’ ग्रुप द्वारा आयोजित इस दिव्य आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरु सुशांत तोमर जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य किया।
गुरु ही जीवन का प्रकाश: सुशांत तोमर
कार्यक्रम में गुरु सुशांत तोमर जी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा ईश्वर तुल्य गुरुदेव के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। गुरु ही वह प्रकाश हैं जो अज्ञानता के अंधकार को दूर कर सत्य और भक्ति के मार्ग पर ले जाते हैं।
उन्होंने कहा, “श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज की कृपा और गुरु का आशीर्वाद जिस पर हो जाए, उसके जीवन के सभी कष्ट और बाधाएं दूर हो जाती हैं। गुरु चरणों में किया नमन जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शांति लाता है।”
भजनों और जयकारों से गूंजी धर्मशाला
दरबार का शुभारंभ श्री बालाजी महाराज, प्रेतराज सरकार और भैरव बाबा के दिव्य श्रृंगार व ज्योति प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद ‘हम बाबा वाले हैं’ ग्रुप के कलाकारों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। पूरे अग्रवाल धर्मशाला “जय श्री राम” और “जय श्री मेहंदीपुर बालाजी” के जयकारों से गूंजती रही।
सुबह से ही हापुड़ और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगीं। गुरुदेव ने सभी को आशीर्वचन दिए और प्रसाद वितरित किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी हुए शामिल
इस अवसर पर सदर विधायक विजयपाल आढ़ती, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री चौधरी यशवीर सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी, पीटीओ चौधरी यशवीर, कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान, हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक और वीडियो पंचायत ब्लॉक हापुड़ शिवम पांडे भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती के बाद विशाल भंडारे में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन समिति ने सभी सेवादारों और मीडिया का आभार व्यक्त किया।















