खेत में रोपाई के दौरान सामने आया तेंदुआ, किसान बाल-बाल बचा, गांवों में दहशत

खेत में रोपाई के दौरान सामने आया तेंदुआ, किसान बाल-बाल बचा, गांवों में दहशत
हापुड़। थाना सिंभावली क्षेत्र के सिखेड़ा गांव में धान की रोपाई के दौरान किसान के सामने तेंदुआ आ जाने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। तेंदुए को देखकर किसान और मजदूर जान बचाकर भागे। घटना के बाद से ग्रामीण खेतों में जाने से डर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सिम्भावली के गांव सिखेड़ा निवासी किसान सुधीर त्यागी अपने खेत में धान की रोपाई करा रहे थे। पौध कम पड़ने पर वह कुछ लोगों के साथ पास के खेत से पौध लेने गए। इसी दौरान खेत के किनारे पेड़ पर बैठा तेंदुआ अचानक घुर्राने लगा ।तेंदुए को सामने देख सभी लोग घबरा गए और शोर मचाते हुए वहां से भाग निकले। सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले खुडलिया, माधापुर, धनपुरा समेत आसपास के कई गांवों में भी तेंदुए की चहलकदमी देखी जा चुकी है। खुडलिया के पास तेंदुए का वीडियो भी वायरल हुआ था।
लगातार हो रही इन घटनाओं से किसानों में भय का माहौल है। लोग सुबह-शाम खेतों में अकेले जाने से कतरा रहे हैं।
वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए खुडलिया गांव के जंगल में पिंजरा लगाया हुआ है, लेकिन अब तक तेंदुआ उसमें नहीं फंसा है।
वन विभाग के दरोगा सचिन कुमार ने बताया कि खुडलिया के पास तेंदुए की चहलकदमी का वीडियो मिलने पर पिंजरा लगाया गया है। जानवर इधर-उधर निकल जाता है। सिखेड़ा में भी टीम जाकर जांच करेगी।











