किराएदार महिला पर हनीट्रैप में फंसाकर उगाही का आरोप,

किराएदार महिला पर हनीट्रैप में फंसाकर उगाही का आरोप,
झूठे दुष्कर्म के केस में फंसाकर हजारों लिए, मकान खाली मांगने पर फिर दी तहरीर
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ब्रजघाट क्षेत्र के एक गांव में किराए पर रह रही महिला पर मकान मालिक को हनीट्रैप में फंसाकर झूठे मामले में उलझाने और उगाही करने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
गंगा नगरी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि उसका एक मकान खाली पड़ा था। कुछ समय पहले एक महिला किराए पर रहने आई थी। जब उसने मकान खाली करने को कहा तो महिला ने उसके और उसके तीन दोस्तों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दे दी।
युवक का कहना है कि पुलिस ने जांच की तो मामला फर्जी निकला। आरोप है कि इसके बाद महिला ने “समझौते” के नाम पर उससे हजारों रुपये भी ले लिए।
पीड़ित के अनुसार पैसे लेने के बाद भी महिला ने मकान खाली नहीं किया। जब दोबारा मकान खाली करने के लिए कहा गया तो आरोपी महिला ने अब फिर से उसी युवक और उसके तीनों दोस्तों के खिलाफ झूठी सामूहिक दुष्कर्म की तहरीर दे दी।
युवक ने इसे हनीट्रैप बताते हुए पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है। उसने मांग की है कि महिला के खिलाफ झूठे मुकदमे और उगाही के आरोप में कार्रवाई की जाए।
पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















