उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल को 15 बार दी जान से मारने की धमकी, 4 घंटे बाद एनकाउंटर में ढेर हुआ गैंगस्टर श्याम

उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल को 15 बार दी जान से मारने की धमकी, 4 घंटे बाद एनकाउंटर में ढेर हुआ गैंगस्टर श्याम
डकैती के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर श्याम ने आधे घंटे में किए थे 15 कॉल, सर्विलांस पर लगाकर एसपी ने ट्रेस की लोकेशन; सस्पेंडेड सिपाही था मास्टरमाइंड
हापुड़। नगर के प्रमुख उद्योगपति व एटीएम एस के चेयरमैन नरेंद्र अग्रवाल को जान से मारने की धमकी देने वाला गैंगस्टर श्याम प्रताप धमकी के चार घंटे बाद ही पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। आरोपी ने गुरुवार शाम आधे घंटे में 15 बार कॉल कर उद्योगपति को धमकाया था। एसपी ने तुरंत फोन सर्विलांस पर लगवाकर बदमाश की लोकेशन ट्रेस की और एनकाउंटर में ढेर कर दिया।
आधे घंटे में आए 15 धमकी भरे कॉल
उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार शाम 7:58 बजे से उनके फोन पर अनजान नंबर से लगातार कॉल आ रही थीं। व्यस्त होने के कारण वे कॉल नहीं उठा सके। आधे घंटे में 15 बार कॉल आई। बाद में जब उन्होंने कॉल बैक किया तो कॉलर आईडी पर श्याम प्रताप नाम दिखा। फोन पर आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था और अभद्रता कर रहा था।
एसपी को दी तहरीर, 4 घंटे में हुआ एनकाउंटर
नरेंद्र अग्रवाल ने मामले की तहरीर एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को दी। एसपी ने तुरंत फोन को सर्विलांस पर लगवाया और बदमाश की लोकेशन ट्रेस की। तहरीर देने के महज चार घंटे बाद ही पुलिस ने मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर श्याम को मार गिराया।
1 जून को हुई थी डकैती
गौरतलब है कि 1 जून की तड़के गिरधारी नगर निवासी कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के 17 वर्षीय पोते सिद्धांत घर लौटे थे। घात लगाए 4-5 हथियारबंद डकैत उनके साथ घर में घुस गए। बदमाशों ने दादा-दादी और चौकीदार को गन पॉइंट पर लेकर चादर से हाथ-पैर बांध दिए। करीब एक घंटे तक घर खंगालकर बदमाश सवा किलो सोने के जेवर, चांदी और लाखों की नकदी लूट ले गए थे।
सस्पेंडेड सिपाही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस ने 7 जून को सुल्तानपुर रोड पर मुठभेड़ के बाद गिरोह के 5 सदस्यों को पकड़ा था। इनमें यूपी पुलिस का सस्पेंडेड सिपाही विक्की गौतम भी शामिल था, जिसे पूरी वारदात का मास्टरमाइंड बताया गया। श्याम प्रताप इस डकैती का मुख्य किरदार और हिस्ट्रीशीटर था।











