गाजियाबाद की जीएसटी टीम ने हापुड़ नगर पालिका में की छापेमारी, दो करोड़ रुपए की गड़बड़ी की आंशका

गाजियाबाद की जीएसटी टीम ने हापुड़ नगर पालिका में की छापेमारी, दो करोड़ रुपए की गड़बड़ी की आंशका
हापुड़।
मंगलवार की शाम गाज़ियाबाद की जीएसटी की एसबीआई टीम ने हापुड़ नगर पालिका परिसर में छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। प्रारंभिक जांच में दो करोड़ रुपए की गड़बड़ी की सम्भावना है।
जानकारी के अनुसार एसआईबी के संयुक्त आयुक्त अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपायुक्त विमल कुमार दूबे, सहायक आयुक्त विपिन शुक्ला और सीटीओ सतीश तिवारी की टीम मंगलवार शाम नगर पालिका पहुंची। टीम ने घंटों तक दस्तावेजों की गहन जांच-पड़ताल की।
उल्लेखनीय है कि हापुड़ नगर पालिका में रजिस्टर्ड ठेकेदारों द्वारा किए गए विकास कार्यों को लेकर भुगतान होता है, जिन्हें जीएसटी जमा करना होता है। कई मामलों में ठेकेदार बिल जारी करते हैं, जिसके आधार पर उन्हें आईटीसी का क्लेम मिलता है। नगर पालिका पर करीब दो करोड़ रुपये की आईटीसी बकाया पाई गई है।
संयुक्त आयुक्त अजय प्रताप सिंह ने बताया कि नगर पालिका में विकास कार्यों के भुगतान पर जीएसटी अधिनियम की धारा 42 और 43 के तहत आईटीसी विभाग को लौटाना अनिवार्य है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नगर पालिका द्वारा यह राशि विभाग को वापस नहीं की जा रही थी, इसी शिकायत पर कार्रवाई की गई।
जीएसटी विभाग की टीम ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपलब्ध आईटीसी की राशि तत्काल विभाग में जमा कराई जाए।












