बुजुर्ग की पटरी में पैर फंसने से ट्रेन की चपेट में आने से मौत

बुजुर्ग की पटरी में पैर फंसने से ट्रेन की चपेट में आने से मौत
हापुड़। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड फाटक पर एक दुखद हादसा हुआ। रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहल्ला लुहारान निवासी सुरेन्द्र (55) पुत्र श्यौराज सिंह के रूप में हुई है।
शनिवार को सुरेन्द्र पिलखुवा रेलवे रोड फाटक के पास रेलवे लाइन पार कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उनका पैर पटरी की कैची (प्वाइंट मशीन) में फंस गया। वह अपने आप को संभाल पाते इससे पहले ही गाजियाबाद से हापुड़ की ओर जा रही अवध आसाम एक्सप्रेस तेज गति से आ गई। सुरेन्द्र ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है।












