महिला को अश्लील मैसेज भेजने व ब्लैकमेल करने के आरोपी केन्द्रीय कर्मचारी पर एफआईआर दर्ज

हापुड़।
थाना पिलखुवा क्षेत्र के एक गांव निवासी महिलां को गंदे फोटो भेजने, लगातार फोन कॉल कर परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में हरियाणा निवासी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के सोनीपत जनपद के गोहाना क्षेत्र निवासी व केंद्र सरकार के पृथ्वी विज्ञान विभाग में कार्यरत कर्मचारी महावीर सिंह ने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से महिला को संदेश भेजा।
जवाब नहीं मिलने पर उसने महिला और उसके परिवार के मोबाइल नंबरों पर बार-बार कॉल करना शुरू कर दिया और शादी का झांसा देकर दबाव बनाया। महिला का आरोप है कि मना करने पर आरोपी ने अलग-अलग नंबरों से कॉल
कर गाली गलौज की और अश्लील फोटो भेजे। आरोप है कि इसके अलावा आरोपी ने शादी से इन्कार करने पर जान से मारने की धमकी दी और अपने सरकारी पद का डर दिखाकर महिला को ब्लैकमेल करने की कोशिश की। पीड़िता ने पूरे मामले के साक्ष्य पुलिस को दे दिए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।











