अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश लेने को 250 बच्चों ने किया आवेदन, आगामी 22 फरवरी को प्रवेश परीक्षा होगी आयोजित

हापुड़-
अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन आगामी 22 फरवरी 2026 को किया जाएगा। अभी तक दोनों कक्षाओं के लिए जिले से 250 बच्चों ने आवेदन किया है। आवेदन करने के लिए तीन दिन का समय शेष है।
सहायक श्रमायुक्त सर्वेश कुमार ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा नौ व कक्षा छह में प्रवेश परीक्षा के लिए वे निर्माण श्रमिक पात्र होंगे जो अद्यतन रूप से पंजीकृत होंगे तथा 30 नवंबर 2025 तक बोर्ड की सदस्यता के न्यूनतम तीन वर्ष पूर्ण कर चुके हों। इसके अतिरिक्त कोविड-19 से अनाथ हुए वे बच्चे, जिनका पंजीकरण महिला एवं बाल कल्याण विभाग में है अथवा जो मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र हैं, भी आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कक्षा 6 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्म तिथि 1 मई 2014 से पूर्व तथा 31 जुलाई 2016 के बाद की नहीं होनी चाहिए, जबकि कक्षा 9 के लिए जन्म तिथि 1 मई 2011 से पूर्व तथा 31 जुलाई 2013 के बाद की नहीं होनी चाहिए। प्रति परिवार अधिकतम दो बच्चे ही पात्र होंगे।
आवेदन हेतु छात्र का आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र, चार फोटो, उत्तीर्ण कक्षा की अंकतालिका, स्कूल प्रमाण पत्र, माता-पिता का आधार कार्ड, कार्य प्रमाण पत्र, राशन कार्ड या परिवार रजिस्टर की नकल,जाति प्रमाण पत्र, घोषणा पत्र एवं अनाथ होने की स्थिति में माता-पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र आवश्यक होगा। प्रवेश परीक्षा से संबंधित आवेदन पत्र 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक स्वीकार किए।
एएलसी ने बताया कि जनपद से कक्षा छह में 160 व कक्षा नौ में 65 बच्चों को प्रवेश मिलेगा। 28 जनवरी को जिले से 250 बच्चों ने आवेदन किया। आगामी 22 फरवरी को प्रवेश परीक्षा होगी। मेरिट के आधार पर बच्चों को प्रवेश मिलेगा। प्रवेश के लिए आवेदन करने के लिए तीन दिन का समय शेष है।












