भैंसा बुग्गी से गिरकर पहिए के नीचे आने से किसान की मौत

भैंसा बुग्गी से गिरकर पहिए के नीचे आने से किसान की मौत
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव मलकपुर स्थित गन्ना सेंटर पर किसान की मौत हो गई। मौत के बाद परिजन में कोहराम मच गया। परिजन ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम गांव श्यामपुर निवासी ओमवीर सिंह (68) अपने खेत से भैंसा बुग्गी में गन्ना लादकर मलकपुर स्थित गन्ना सेंटर पर डालने आए थे। सेंटर पर पहुंचने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वे बुग्गी से नीचे गिर गए। इसी दौरान बुग्गी का एक पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसा देखकर सेंटर पर मौजूद कर्मचारी और आसपास के किसान तुरंत मौके पर जमा हो गए। उन्होंने तत्काल किसान के परिजनों को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और ओमवीर सिंह को गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान किसान ओमवीर सिंह ने दम तोड़ दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी निरंजन कौर और इकलौते पुत्र अमित का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।












